Showing posts with label ग्रीटिंग कार्ड. Show all posts
Showing posts with label ग्रीटिंग कार्ड. Show all posts

Sunday, 7 August 2011

रिस्ट बैंड बांधकर युवाओं ने बोला हैप्पी फ्रैंडशिप डे

फरीदाबाद। हमें तन्हाई का कोई साथी चाहिए, खुशियों का कोई राजदार चाहिए और गलती पर प्यार से डांटने-फटकारने वाला चाहिए। यदि यह सब खूबी किसी एक व्यक्ति में मिले तो नि:संदेह ही वह आपका दोस्त होगा। एेसी तलाश पूरी होने के बाद रविवार को फ्रेंडशिप डे पर युवाओं ने दोस्ती के नए रिश्ते जोड़े। इसी खुशी में रात से नौजवानों ने अपने दोस्तों को एसएमएस और कॉल्स से बधाईयां देना शुरू कर दी थीं। रात में ही दोस्तों ने एक दूसरे को -कार्ड और ऑरकुट फेसबुक के जरिए संदेश भेजें।
सुबह-सवेरे से ही युवाओं में फ्रैंडशिप डे को लेकर खुमार छा गया था। युवा-युवतियों ने एक-दूसरे को गिफ्ट देकर, रिस्ट बैंड बांधकर हैप्पी फ्रैंडशिप की बधाईयां दी। बहुत से नौजवानों ने अपने दोस्तों को फैंडशिप गिफ्ट देने के लिए कई तरह के हथकंडे अपनाएं। शहर के युवा-युवतियों ने अपने दोस्तों को फस्र्ट डे ऑफ फ्रेंडशिप की तस्वीर को गिफ्ट के रुप में दिए। कई दोस्तों ने उसके साथ बिताए पल के सभी तस्वीरों को एक एलबम में संजोकर भेंट किया। कुछ युवाओं ने अपने दोस्तों के फेवरेट गानों को एक सीडी में कंपोज कराकर दिए तो कुछ ने अपने दोस्तों के लिए सरप्राइज डिनर पार्टी का भी आयोजन किया। कई युवाओं ने अपने दोस्तों को आकर्षित करने के लिए अपने हाथ के बने भावनात्मक कार्ड गिफ्ट किए।
मॉल्स में रही गहमागहमी : छुट्टी के दिन फ्रैंडशिप डे होने के कारण शहर के मॉल्स में काफी गहमागहमी रही। नौजवान और किशोर अपने दोस्तों के साथ शॉपिंग करने के लिए मॉल्स पहुंचें। कॉफी शॉप और रेस्टूरेंट में भी युवाओं की भीड़ रही। सिनेमा हॉल के टिकट काउंटर पर फिल्म देखने के लिए भी युवाओं का जमघट लगा रहा।
पार्कों में भी रही भीड़ : रविवार को फैंडशिप डे की वजह शहर के पार्काें में नौजवानों की भीड़ रही। नौजवानों ने अपने दोस्तों को फूल देकर भी फ्रैंडशिप दी की बधाईयां दी। कुछ ने फूल के बुके देकर अपनों दोस्तों के प्रति अपनी मोहब्बत का इजहार किया। पार्काें में झूले पर दोस्त एक दूसरे को झूलाते और मस्ती करते नजर आएं।

फ्रैंडशिप के दिन बाजारों में मांग

फ्रैंडशिप बैंड : फ्रैंडशिप डे का प्रतीक माने जाने वाली फ्रैंडशिप बैंड की मांग भी बाजार में खूब रही। छोटे बच्चों से लेकर युवतियों में इसकी जबरदस्त मांग रही। बाजार में पांच रुपए से 50 रुपए तक के बैंड उपलब्ध थे। छोटे बच्चों ने भी उत्साह से अपने दोस्तों के साथ रिस्ट बैंड बांधकर मित्रता दिवस मनाया।
ग्रीटिंग कार्ड : रविवार को मॉल्स और बाजार में फ्रेंडशिप डे को लेकर कई तरह के ग्रीटिंग कार्ड खूब बिके। सभी गिफ्ट स्टोर में बेहतरीन स्लोगन लिखे कार्ड लेने के लिए युवा-युवतियों की काफी भीड़ रही। इसके अलावा म्यूजिक वाले फ्रेंडशिप कार्ड भी शहर के मॉल्स और बाजार के स्टोरों से खरीदकर युवाओं ने एक-दूसरे को गिफ्ट दिए। बाजार में ग्रीटिंग कार्ड की कीमत 30 रुपए से 500 रुपए तक हैं।
फ्रैंडशिप रिंग : जहां एक आेर कई युवा फ्रेंडशिप बैंड, तरह-तरह के गिफ्ट ग्रीटिंग कार्ड की खरीद कर रहे हैं, वहीं कई युवा खास तौर पर रिंग पर ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। करीब 30 से लेकर 50 रुपए तक की रिंग जरकिन (अमेरिकन डायमंड) से जड़ी होने के कारण स्टाइलिस्ट लगती है। इसकी डिजाइन ही इसकी खूबसूरती बयां करता है। मेटल की बनी होने के साथ-साथ ये रिंग हाथ में पहनने के बाद किसी डायमंड रिंग से कम नहीं लगती है। इन रिंग्स में कई प्रकार के डिजाइन रंग उपलब्ध हैं। वहीं युवतियों को ज्यादातर सिल्वर कलर की रिंग लुभा रही है।

युवा-युवतियों की प्रतिक्रिया

प्रियंका : किसी के भी हाथ में एक बेल्ट बांध दिया और हो गई दोस्ती पक्की, बन गए फ्रेंड्स। पर वास्तव में यह एक झूठ है जो कुछेक पल के लिए अपने दिल को तसल्ली तो दे सकता है, लेकिन वास्तव में आपको उस गहरी दोस्ती का अहसास नहीं कराता। एेसा नहीं है दोस्ती वह हो जो चाहे एक दिन पहले, एक साल पहले या कई वर्षाें पहले की हो। दोस्तों के लिए साथ शाम में फिल्म देखने की योजना है।
स्वाति राजपूत : दोस्ती वह है जो हर समय और हर सुख-दुख में आपका खयाल रखें। चाहे सुख हो दुख, हर पहलू में वह सामने वाले को एक ही नजर से देखें, उसमें परखने की, या फिर इस उम्मीद कि मैंने तो उसकी दुख में मदद की थी, लेकिन जब आज मैं दुख से गुजर रहा हूं तब वहीं दोस्त मेरे काम नहीं आया। एेसी कोई भी भावना दोस्ती के आड़े नहीं आनी चाहिए। आज मेरे कई दोस्तों ने सुबह से ही कॉल करके मुझे बधाईयां दी।
नुपूर मंगला : दोस्ती वह जिसमें आप अपने दोस्तों के प्रति पूरी तरह समर्पित हो। यह बात सिर्फ किसी भी सहायता के लिए नहीं है। दोस्ती से मतलब यह कहीं नहीं निकलता कि सालों पहले की गई दोस्ती ही फ्रेंडशिप कहलाती है। आज मैंने अपने बेस्ट फ्रेंड के लिए ग्रीटिंग कार्ड खरीदी है और सरप्राइज देने के लिए घर जा रही हूं।
कौशल कुमार : स्कूल-कॉलेज हो या ऑफिस लाइफ हो दोस्ती का रिश्ता बहुत मजबूत होता है। दोस्ती कभी भी एेसा हो जो जरा-सी भूल से आपकी दोस्ती के बीच दरार जाए। दोस्ती का यह रिश्ता इतना गहरा हो कि चाहे उसमें लोग कमल खिलाएं या कांटे उगाएं। मैंने अपने दोस्तों को फैंडशिप डे के मौके पर आज रात घर पर डिनर के लिए आमंत्रित किया है। सबको छोटा सा गिफ्ट देने का भी सोच रही हूं।
सिया सिंह : हम दोस्तों से अपना दुख-सुख सब शेयर कर लेते हैं। वो तमाम बातें भी शेयर करते हैं जिसके बारे में अपने परिवार वालों को भी नहीं बता पाते। अगर परिवारवाले गुस्सा होते हैं तो मैं अपने दोस्त के पास चली जाती हूं। एेसे तो कई दोस्त है लेकिन कुछ दोस्त मुझे ज्यादा पसंद है, क्योंकि वे मुझे हर समय हेल्प करते हैं। आज मैंने अपने सभी फ्रेंड के लिए रिंग भेंट किया हैं।
अंकिता पांडे : वैसे तो हमारी जिंदगी में सभी की अहमियत होती है लेकिन दोस्त जितना ज्यादा अहम होता है उस जगह को शायद ही कोई ले सकता है। दोस्तों के साथ नोक-झोंक, हंसी-मजाक सबकुछ होता रहता है। एक दोस्त में मैं भाई-बहन सब देखती हूं। कॉलेज में काफी सारी नई दोस्त बन गई है। पहले से भी कई बेस्ट फ्रैंड हैं। दोस्तों के लिए घर पर सभी दोस्तों ने मिलकर गेट-टू-गेदर होने की योजना बनाई हैं।

-------मो. शाहनवाज